पशु डेयरी स्वामियों की पुलिस से तीखी झड़प

सहारनपुर। स्मार्ट सिटी के मद्देनजर नगर निगम द्वारा पशु डेयरियों को शहरी क्षेत्र से बाहर करने के पूर्व के फरमान का विरोध फिर से किया गया है।



बृहस्पतिवार को डेयरी संचालक संघर्ष समिति के बैनर तले पशु डेयरी संचालक गाय लेकर निगम कार्यालय परिसर पहुंचे, जिसके विरोध पर उनकी पुलिस से तीखी झड़प हो गई। हालांकि नगर आयुक्त के पुन: वार्ता कर समस्या का समाधान कराने के आश्वासन पर वे शांति पूर्ण तरीके से लौट गए।


डेयरी स्वामियों ने पहले जिला कांग्रेस मुख्यालय पर धरना दिया, जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय परिसर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इससे पूर्व आरआरएफ सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया था। प्रदर्शनकारी अपने साथ एक गाय लेकर पहुंचे, जो कि कई बार बेकाबू भी हुई। इस दौरान समिति अध्यक्ष संजय वालिया ने कहा कि यह मसला 50 हजार लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ा हुआ है। निगम प्रशासन ने पूर्व में आश्वास्त किया था कि डेयरी स्वामियों की समस्या का निदान किया जाएगा, जो अभी तक नहीं किया गया। उन्होंने डेयरी स्वामियों को निगम क्षेत्र में कारोबार करने देने, डेयरी के लिए बाहर कांप्लेक्स उपलब्ध कराने, गोबर उठाने को निगम वाहन उपलब्ध कराए की मांग की है।


इस दौरान आदेश त्यागी, पप्पू चौधरी, संजीव वालिया कुक्कू, रणवीर सिंह, हाजी मो. हुसैन, मो. अहमद, शाहवेज, अफजाल, रणवीर, रवि चौहान, संजय, रियासत, अब्दुलरहमान, सगीर गुलशन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


पुलिस से इसलिए हुई झड़प


नगरायुक्त से वार्ता के बाद पशु डेयरी स्वामियों का प्रतिनिधि मंडल प्रदर्शनकारियों को निर्णय बता रहा था तो तभी थाना कुतुबशेर प्रभारी कुलदीप कुमार ने प्रदर्शनकारियों को बिना परमिशन प्रदर्शन करने पर हड़काना शुरू कर दिया। जिस पर कहासुनी हुई। तभी सीओ रजनीश उपाध्याय ने माइक लेकर नारेबाजी करने व पशु लेकर आने के अलावा गिरफ्तारी की धमकी दी। इस पर प्रदर्शनकारी भी गिरफ्तारी देने को तैयार हो गए। हालांकि बाद में पुलिस ने समझाबुझाकर सभी को शांत कर दिया।


इनका कहना है


पशु डेयरियों के साथ शूकर व अन्य पशु पालकों को बाहर करना स्मार्ट सिटी का एक हिस्सा है। सभी डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए हुए हैं। डेयरी स्वामियों को अभी केवल वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। इस समस्या के निदान के लिए जो भी आवश्यक होगा। किया जाएगा।